पाकिस्तान की राजनीति में उथल-पुथल मची हुई है. सियासत मानो भूचाल का सामना कर रही है, जिसकी धमक से सत्ता डगमगा चुकी है. ऐसे में राजनीतिक अस्थिरता दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है. इस कड़ी में राजनीतिक उठापटक के बीच पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मोईद युसूफ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मोईद यूसुफ ने पाकिस्तान के प्रधान मंत्री के लिए 9वें एनएसए के रूप में कार्य किया है. इससे पहले वह 24 दिसंबर, 2019 से 16 मई, 2021 तक राष्ट्रीय सुरक्षा प्रभाग और रणनीतिक नीति योजना में पीएम के विशेष सहायक के रूप में काम कर चुके थे. 

इस्तीफे की घोषणा करते हुए मोईद ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, 'आज, मैं बेहद संतुष्ट और संतुष्ट हूं, क्योंकि मुझे पता है कि एनएसए का कार्यालय और एनएसडी एक असाधारण टीम के साथ जीवंत संस्थान हैं जो पाकिस्तान को गौरवान्वित करना जारी रखेंगे.' उन्होंने प्रधानमंत्री इमरान खान को भी बड़ी जिम्मेदारी के साथ उन पर भरोसा करने और उन्हें एनएसए के रूप में अपनी भूमिका के साथ न्याय करने की अनुमति देने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, 'बहुत कम लोग भाग्यशाली होते हैं, जिन्हें उच्च पद पर अपने देश की सेवा करने का अवसर मिलता है. मेरी उम्र में ऐसा करने के लिए बहुत कम लोगों को मिलता है.'