काबुल/इस्लामाबाद। अफगानिस्तान में हालिया घटनाओं के बाद पाकिस्तान ने खुली कार्रवाई का एलान कर दिया है। पाकिस्तानी सेना ने कंधार, काबुल और अन्य प्रमुख शहरों में हवाई हमले किए। करीब दो घंटे तक चले इन हमलों में पाकिस्तान ने 133 अफगान लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
ऑपरेशन 'गजब-लिल-हक'
पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, इस अभियान में तालिबान के 27 ठिकाने नष्ट कर दिए गए और नौ ठिकानों पर कब्जा किया गया। पाकिस्तान ने इसे ऑपरेशन 'गजब-लिल-हक' का नाम दिया है।
ख्वाजा आसिफ की चेतावनी
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा एम. आसिफ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तालिबान को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने लिखा, “हमारा सब्र का प्याला भर चुका है। अब हमारे और आपके बीच खुला युद्ध छिड़ चुका है। अब ‘दमा-दम मस्त कलंदर’ होगा। पाकिस्तान आपकी हर गतिविधि से वाकिफ है, हम आपके पड़ोसी हैं।”
तालिबान सरकार पर आरोप
रक्षा मंत्री ने कहा कि नाटो बलों की वापसी के बाद अफगानिस्तान में शांति की उम्मीद थी, लेकिन तालिबान ने अंतरराष्ट्रीय आतंकवादियों को अफगानिस्तान में एकत्र किया और आतंकवाद का निर्यात शुरू कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तालिबान ने अपने ही नागरिकों के बुनियादी मानवाधिकारों और महिलाओं के अधिकारों का हनन किया है।
बढ़ता तनाव
इस बीच, दोनों देशों के बीच तनाव तेज हो गया है। पाकिस्तान ने न केवल हवाई हमले किए हैं, बल्कि तालिबान पर सीधे आरोप लगाकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय दबाव के तहत जवाबदेह ठहराया है।