इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ ने पाकिस्तानी चुनाव आयोग पर मिलीभगत कर उनकी पार्टी को चुनाव से दूर रखने का आरोप लगाया है। दरअसल चुनाव आयोग ने पीटीआई को 20 दिनों के भीतर पार्टी के आंतरिक चुनाव कराने का निर्देश दिया। चुनाव आयोग ने कहा है कि अगर पार्टी तय समय में चुनाव नहीं करा पाती है तो उसका चुनाव चिन्ह बल्ला छीन लिया जाएगा। चुनाव आयोग के इस फैसले के खिलाफ पीटीआई कोर्ट पहुंच गई है। 

पीटीआई ने कोर्ट में अपील कर की ये मांग
पीटीआई ने सिंध कोर्ट में याचिका दायर कर मांग की है कि उन्हें भी चुनाव लड़ने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों की तरह समान अवसर दिए जाएं। साथ ही न्यायपालिका की निगरानी में निष्पक्ष चुनाव कराए जाएं। पार्टी ने न्यायिक अधिकारियों की जिला रिटर्निंग अफसरों के रूप में तैनाती करने की मांग की है। बता दें कि पाकिस्तान में 8 फरवरी 2024 को आम चुनाव होने हैं। पीटीआई ने शुक्रवार को सिंध कोर्ट में चुनाव आयोग के निर्देश के खिलाफ अपील की है। पाकिस्तान चुनाव आयोग ने गुरुवार को पीटीआई को आदेश दिया कि पार्टी 20 दिनों के भीतर अंतर दलीय चुनाव कराए, इसके अगले ही दिन पीटीआई ने आदेश के खिलाफ कोर्ट में अपील दायर कर दी है। चुनाव आयोग ने सात दिनों में पार्टी से इसे लेकर रिपोर्ट भी मांगी है।  

चुनाव आयोग ने लगाए ये आरोप
बता दें कि पीटीआई में अंतर दलीय चुनाव 13 जून 2021 को कराए जाने थे लेकिन चुनाव आयोग ने समय सीमा बढ़ाने की मंजूरी दे दी थी। इसके बाद पीटीआई ने 10 जून 2022 को अंतर दलीय चुनाव कराए लेकिन चुनाव आयोग ने इन चुनाव को यह कहकर खारिज कर दिया कि पार्टी ने चुनाव से दो दिन पहले ही अपने संविधान में बदलाव किया था। वहीं पीटीआई का तर्क है कि उन्हें लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है और उनके नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज हो रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि उन्हें बैठकें या जलसे करने की इजाजत भी नहीं दी जा रही है।