अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मियामी में आयोजित 'फ्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव प्रायोरिटी समिट' को संबोधित करते हुए एक बार फिर ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की मौत का दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सैन्य हमलों ने ईरान के शीर्ष नेतृत्व और रक्षा तंत्र को बुरी तरह तहस-नहस कर दिया है।

ईरान का नेतृत्व हुआ अस्थिर

ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी कार्रवाई के कारण ईरान का सर्वोच्च नेतृत्व अब अस्तित्व में नहीं है, जिससे देश में नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि ईरान के सभी शीर्ष नेता और नए सुप्रीम लीडर की मौत हो चुकी है।

ट्रंप पहले भी मोजतबा खामेनेई की स्थिति को लेकर दावा कर चुके हैं। 16 मार्च को उन्होंने कहा था कि "हमें नहीं पता कि उनकी मौत हुई है या नहीं, लेकिन किसी ने उन्हें नहीं देखा है, जो असामान्य बात है।"

मोजतबा खामेनेई बने नए सुप्रीम लीडर

गौरतलब है कि 28 फरवरी को ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा खामेनेई को उत्तराधिकारी नियुक्त किया गया था। हालांकि, इसके बाद से वे सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए। ट्रंप के दावे के अनुसार, अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में उनकी मौत हो गई है।

ईरान की सैन्य क्षमता पर हमला

अपने भाषण में ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी कार्रवाई से ईरान की नौसेना खत्म, वायुसेना नष्ट और उनके विमानरोधी और संचार तंत्र पूरी तरह निष्क्रिय हो गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका ईरान के हथियार भंडार, मिसाइल और ड्रोन फैक्ट्रियों को तबाह कर रहा है और देश के रक्षा औद्योगिक आधार को पूरी तरह नष्ट किया जा रहा है।

ट्रंप ने जोर देकर कहा कि अमेरिकी कार्रवाई का स्तर ऐसा है कि उसकी कल्पना भी कोई नहीं कर सकता।