मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध अब भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि कोई भी पक्ष सीजफायर के लिए तैयार नहीं है। अमेरिकी और इजरायली हमले ईरान को निशाना बना रहे हैं, वहीं ईरान भी इजरायल और खाड़ी देशों पर जवाबी कार्रवाई कर रहा है।

जरीफ ने दी रणनीतिक सलाह

ईरान के पूर्व विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जरीफ ने हाल ही में ईरानी शासन को युद्ध रोकने की रणनीति पर सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से युद्ध रोकना संभव नहीं हो रहा है, तो ईरान को खुद ही युद्ध समाप्त करने का कदम उठाना चाहिए। जरीफ का सुझाव है कि ईरान खुद को विजेता घोषित कर सीजफायर कर दे, ताकि आगे के संघर्ष और रक्तपात को रोका जा सके।

फॉरेन अफेयर्स में प्रकाशित लेख के अनुसार, जरीफ ने कहा कि यह रणनीति न केवल मौजूदा संघर्ष को खत्म कर सकती है, बल्कि पूरे क्षेत्र में स्थिरता और शांति स्थापित करने में भी मददगार हो सकती है।

जरीफ का ट्वीट

जावेद जरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "एक ईरानी के तौर पर मैं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की आक्रामकता और अपमानजनक रवैये से बेहद नाराज हूं, लेकिन अपनी सेना और देशवासियों पर गर्व भी महसूस करता हूं। मुझे यकीन है कि युद्ध का अंत ईरान के राष्ट्रीय हितों के अनुरूप शर्तों पर होना चाहिए।"

35 दिन से जारी संघर्ष

ईरान बनाम अमेरिका-इजरायल संघर्ष अब 35वें दिन में प्रवेश कर चुका है, लेकिन हमले अभी भी बंद नहीं हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के कई दावे युद्ध को रोकने को लेकर अब तक नाकाम साबित हुए हैं।

पूर्व विदेश मंत्री जरीफ ने ईरानी नेतृत्व को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि खुद को विजेता मानकर लड़ाई को रोकना ही वर्तमान संकट का सबसे प्रभावी समाधान हो सकता है।

यह कदम क्षेत्र में स्थिरता लाने और अमेरिकी-इजरायल के दबाव को मात देने का एक रणनीतिक प्रयास माना जा रहा है।