सहारनपुर: सोशल मीडिया पर एक फर्जी और भ्रामक पोस्ट वायरल होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि भाजपा के पूर्व विधायक नरेश सैनी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो गए हैं। इतना ही नहीं, एआई से तैयार की गई एक कथित तस्वीर भी साझा की गई है, जिसमें उन्हें बसपा प्रमुख के साथ दिखाया गया है। हालांकि पूर्व विधायक ने इन दावों को पूरी तरह झूठा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

वायरल पोस्ट में यह भी कहा गया कि सहारनपुर में भाजपा को बड़ा झटका लगा है और नरेश सैनी ने बसपा का दामन थाम लिया है। लेकिन नरेश सैनी ने स्पष्ट किया कि यह जानकारी पूरी तरह निराधार है और उनके राजनीतिक रुख को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और किसी भी अन्य दल में शामिल होने का सवाल ही नहीं उठता। पूर्व विधायक ने इसे उनकी छवि खराब करने की कोशिश बताया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए नरेश सैनी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर फर्जी पोस्ट बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पूर्व विधायक ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की जानकारी को बिना सत्यापन के साझा न करें और अफवाहों से सावधान रहें।