अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और वैश्विक ऊर्जा व व्यापार के लिहाज से बेहद अहम माने जाने वाले होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक सख्त और अहम बयान दिया है। रॉयटर्स द्वारा जारी यूएस नेटवर्क पूल वीडियो के अनुसार ट्रंप ने कहा कि इस रणनीतिक जलमार्ग को खुला रखना उनकी प्राथमिकता है, लेकिन इसके लिए वह किसी भी तरह की जल्दबाजी में नहीं हैं।

ट्रंप ने संकेत दिया कि उनकी सरकार एक सीमित समझौते के जरिए इस जलमार्ग को स्थिर और सुचारू रूप से खोलने की दिशा में काम करना चाहती है। उन्होंने कहा कि उनके पास एक स्पष्ट रणनीति है और वे इसे लागू करने के लिए सही समय का इंतजार कर रहे हैं। ट्रंप के मुताबिक, “हम इसे एक मौका देने जा रहे हैं, लेकिन कोई जल्दबाजी नहीं होगी।”

ईरान के साथ संभावित समझौते को लेकर ट्रंप ने कहा कि इसका उद्देश्य लंबे समय तक संघर्ष को टालना और क्षेत्र में स्थिरता लाना है, जिसके तहत होर्मुज जलमार्ग को तुरंत सामान्य रूप से खोला जा सके। उन्होंने दावा किया कि ईरान इस समय गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट से गुजर रहा है और वहां सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है।

पूर्व अमेरिकी युद्ध अभियानों का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पहले वियतनाम, अफगानिस्तान और इराक जैसे लंबे संघर्षों में शामिल रहा है, लेकिन मौजूदा रणनीति इससे अलग है। उन्होंने दावा किया कि उनकी नीति में कम समय में कम नुकसान के साथ परिणाम हासिल करने पर जोर दिया गया है।

ट्रंप ने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में उनकी नीतियों का सकारात्मक असर देखने को मिलेगा और वैश्विक स्तर पर हालात बेहतर दिशा में जाएंगे।