तेहरान। ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वाशिंगटन सार्वजनिक तौर पर बातचीत की बातें करता है, लेकिन गुपचुप तरीके से जमीनी हमले की योजना बना रहा है। ईरानी सरकारी मीडिया के हवाले से यह जानकारी रॉयटर्स ने दी है।

गालिबाफ ने कहा कि ईरान की सेना संभावित हमले का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है और अमेरिका के क्षेत्रीय सहयोगियों को कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान जवाबी कार्रवाई के लिए भी पूरी तरह सतर्क है और सेना हर स्थिति के लिए तैयार बैठी है।

खाड़ी क्षेत्र में नुकसान का आकलन जारी
उधर, बहरीन की एल्युमीनियम कंपनी Alba ने अपनी फैक्ट्री और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक बड़े उत्पादक पर हुए ईरानी हमलों के बाद नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। शनिवार को हुए हमलों में कंपनी के दो कर्मचारी घायल भी हुए।

ईरान ने किया जवाबी हमला
ईरानी रक्षा बलों ने कहा कि ये हमले ऐसे समय में किए गए हैं जब खाड़ी क्षेत्र के एल्युमीनियम उद्योग संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट की बंद स्थिति के कारण शिपिंग में रुकावटों का सामना कर रहे थे। ईरान के आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने उन औद्योगिक स्थलों को निशाना बनाया जो अमेरिकी सेना और एयरोस्पेस क्षेत्र से जुड़े हुए थे।