मेरठ: केंद्र सरकार में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इसी बीच मेरठ से भारतीय जनता पार्टी के सांसद अरुण गोविल का नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, अब तक केंद्र सरकार या भाजपा की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों और राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, मंत्रिमंडल विस्तार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश को भी प्रतिनिधित्व मिल सकता है। इसी कड़ी में अरुण गोविल को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह देकर उन्हें अहम जिम्मेदारी दिए जाने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से हालिया मुलाकात के बाद इन अटकलों को और बल मिला है।

लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी ने टेलीविजन धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाकर लोकप्रिय हुए अरुण गोविल को मेरठ से उम्मीदवार बनाया था। चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद वह पहली बार सांसद बने। संसद पहुंचने के बाद से ही वे मेरठ और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि मंत्रिमंडल विस्तार होता है, तो पश्चिमी यूपी को साधने की रणनीति के तहत अरुण गोविल जैसे चेहरे को जगह मिल सकती है। हालांकि, फिलहाल यह पूरी तरह राजनीतिक अटकलों के दायरे में है और आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।