लंदन से बेंगलुरु आने वाली एअर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से परिचालन से हटा दिया गया है। विमान में तकनीकी खामी पाए जाने के बाद यह फैसला लिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान की उड़ान संख्या AI-132 में फ्यूल कंट्रोल सिस्टम से जुड़ी असामान्यता दर्ज की गई थी। रिपोर्ट में सामने आया कि इंजन स्टार्ट के दौरान फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘रन’ मोड से अपने आप ‘कटऑफ’ की ओर जा रहा था, जिससे ईंधन सप्लाई बाधित होने की आशंका पैदा हो गई।

बताया जा रहा है कि यह विमान सोमवार सुबह लंदन से उड़ान भरकर बेंगलुरु पहुंचा था। इसी दौरान पायलट ने तकनीकी गड़बड़ी की सूचना दी, जिसके बाद विमान को तुरंत आगे की उड़ानों से हटा दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

हीथ्रो एयरपोर्ट से उड़ान की तैयारी के दौरान इंजन चालू करते वक्त फ्यूल कंट्रोल स्विच में असामान्य गतिविधि देखी गई। इस स्थिति में विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित नहीं माना गया, इसलिए इसे ग्राउंड कर दिया गया।

एयर इंडिया की प्रतिक्रिया

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि विमान में संभावित तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद उसे तत्काल सेवा से हटाया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गहन तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

नियामक एजेंसियों को दी गई जानकारी

एयरलाइन ने इस मामले की रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को सौंप दी है। साथ ही विमान निर्माता कंपनी को भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया गया है, ताकि फ्यूल सिस्टम में आई गड़बड़ी की सही वजह पता लगाई जा सके।