देश के कई हिस्से इन दिनों तेज गर्मी की चपेट में हैं और राजधानी दिल्ली भी इससे अछूती नहीं है। लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बने तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। तेज धूप और उमस के बीच पंखे और कूलर तक नाकाम साबित हो रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग की मानें तो आज राजधानी में हल्की राहत मिल सकती है।

दिल्ली में बादल और बौछार की संभावना

14 जून को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, वहीं शाम या रात में हल्की बारिश और धूल भरी आंधी का अनुमान जताया गया है। इस दौरान तेज हवाएं 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं और बिजली चमकने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है।

दक्षिण और पश्चिम भारत में बारिश के आसार

केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 14 से 17 जून के बीच हल्की बारिश के साथ बिजली कड़कने और तेज हवाओं का अनुमान है। महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश के संकेत हैं। पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी इलाकों और सिक्किम में अगले एक सप्ताह तक भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।

मध्य भारत में धूल भरी हवाएं और बिजली गिरने की आशंका

मध्य प्रदेश में 14 से 17 जून के बीच तेज हवाएं, धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। वहीं, 15 से 17 जून तक छत्तीसगढ़, अंडमान-निकोबार, झारखंड, ओडिशा और बिहार में भी मौसम में यही स्थिति बनी रह सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 और 17 जून को कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

देश के विभिन्न राज्यों का मौसम अपडेट

मौसम विभाग ने 15 से 19 जून तक छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और सिक्किम में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 19 जून को भारी बारिश की संभावना है। राजस्थान में 14 से 17 जून के बीच कई स्थानों पर धूल भरी आंधी चल सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14 से 19 जून तक अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस क्षेत्र में तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश की भी संभावना है।

तापमान में धीरे-धीरे गिरावट संभव

उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन उसके बाद इसमें 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। शेष भारत में तापमान स्थिर रहने का अनुमान है। राजस्थान और पंजाब के कई क्षेत्रों में 14-15 जून को लू चलने की आशंका है।