गोवा के कर्टोरिम इलाके में बुधवार को एक 17 वर्षीय छात्र ने अपने घर पर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जानकारी के अनुसार, छात्र NEET परीक्षा को लेकर चल रहे तनाव और हाल ही में पेपर लीक विवाद के चलते परीक्षा रद्द होने से मानसिक रूप से परेशान था। वह मडगांव के एक हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाई कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, छात्र ने आत्महत्या से पहले एक नोट भी छोड़ा, जिसमें उसने लिखा कि वह अब किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहता। घटना के समय उसकी मां और बहन अपने पैतृक गांव गई हुई थीं, जबकि पिता, जो रेलवे में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं, जब घर लौटे तो उन्होंने बेटे का शव देखा।

परिवार मूल रूप से बेंगलुरु का रहने वाला है और फिलहाल गोवा में रह रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।