पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को एक मस्जिद में हुए आत्मघाती विस्फोट से भारी जान-माल का नुकसान हुआ। इस घटना के बाद पाकिस्तान ने बिना ठोस सबूतों के भारत पर आरोप लगाने की कोशिश की, जिस पर नई दिल्ली ने कड़ा ऐतराज जताया है।
भारत ने हमले की तीखी निंदा करते हुए पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि पाकिस्तान अपने भीतर मौजूद गंभीर समस्याओं से निपटने के बजाय हर बार बाहरी देशों को दोषी ठहराने का रास्ता चुनता है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
निराधार आरोपों पर भारत का जवाब
विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि भारत पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद और तथ्यहीन हैं, जिन्हें पूरी तरह खारिज किया जाता है। मंत्रालय ने कहा कि ऐसे आरोपों से पाकिस्तान की आंतरिक चुनौतियों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, जुमे की नमाज़ के दौरान तरलाई इलाके स्थित इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा में जोरदार विस्फोट हुआ। इस हमले में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 169 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हमले के बाद मची अफरा-तफरी
स्थानीय मीडिया के अनुसार धमाके के बाद पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। रिपोर्टों में कहा गया है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़ा एक आत्मघाती हमलावर मस्जिद के गेट पर रोके जाने के बाद खुद को उड़ा बैठा।