कोलकाता में तिलजला इलाके में हाल ही में की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में भड़का प्रदर्शन रविवार को हिंसक हो गया। पार्क सर्कस क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई, जिसमें पथराव की घटना सामने आई। इस दौरान कम से कम तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, तिलजला में एक फैक्टरी में आग लगने की घटना के बाद दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने पिछले बुधवार को इलाके में अवैध निर्माण हटाने के लिए अभियान चलाया था, जिसे स्थानीय लोगों ने ‘बुलडोजर कार्रवाई’ बताया।
इसी कार्रवाई के विरोध में रविवार को बड़ी संख्या में लोग पार्क सर्कस सेवन प्वाइंट क्रॉसिंग के पास इकट्ठा हुए और सड़क जाम करने की कोशिश की। स्थिति उस समय बिगड़ गई जब पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
पथराव के दौरान सड़क किनारे खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें केंद्रीय बलों के वाहन भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां मौके पर तैनात कर दी गईं।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके में शांति बहाल करने के लिए तिलजला और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है। स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है।
कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त आशीष बिस्वास ने बताया कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, हालांकि संख्या अभी स्पष्ट नहीं की गई है।