बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर पुलिस इंस्पेक्टर को लगातार परेशान करने, पीछा करने और आत्महत्या की धमकी देने के आरोप लगे हैं। राममूर्ति नगर पुलिस स्टेशन में इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, राममूर्ति नगर थाने में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर सतीश जीजे को 19 अगस्त को पदस्थ किया गया था। इसके बाद 30 अक्टूबर से उनके आधिकारिक मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से बार-बार व्हाट्सएप कॉल आने लगे। कॉल उठाने पर महिला ने अपनी पहचान राममूर्ति नगर निवासी संजना उर्फ वनजा के रूप में बताई और कथित तौर पर असंगत बातें करते हुए इंस्पेक्टर पर प्रेम संबंध स्वीकार करने का दबाव बनाया।

अलग-अलग नंबरों से संपर्क का आरोप
शुरुआत में इंस्पेक्टर ने इसे शरारत समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन कॉल का सिलसिला जारी रहा। महिला ने कई अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क किया। सभी नंबर ब्लॉक किए जाने के बावजूद उसने अन्य नंबरों से कॉल करना जारी रखा।

आरोप है कि महिला ने खुद को कांग्रेस कार्यकर्ता बताते हुए मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री से करीबी संबंध होने का दावा किया। उसने कई वरिष्ठ नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें भेजीं और कहा कि यदि उसकी बात नहीं सुनी गई तो वह अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करेगी।

उच्च कार्यालयों से आया फोन
मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब गृह मंत्री कार्यालय और उपमुख्यमंत्री कार्यालय से फोन कर पूछा गया कि महिला की शिकायत पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है। इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि महिला ने थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है और उसका व्यवहार तर्कसंगत नहीं है।

पिछले महीने 7 नवंबर को महिला कथित तौर पर उस समय इंस्पेक्टर के कार्यालय पहुंची, जब वह जनसुनवाई कर रहे थे। उसने एक लिफाफा सौंपा, जिसमें तीन पत्र और ‘नेक्सिटो प्लस’ नामक गोलियों की एक स्ट्रिप रखी हुई थी।

आत्महत्या की धमकी का आरोप
पत्रों में कथित तौर पर आत्महत्या की धमकी दी गई थी। महिला ने लिखा था कि उसका प्रेम स्वीकार न किए जाने पर वह अपनी जान दे देगी और इसके लिए इंस्पेक्टर जिम्मेदार होंगे। एक नोट पर दिल का निशान बना हुआ था और उस पर खून से लिखे संदेश होने का दावा किया गया।

लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर इंस्पेक्टर सतीश जीजे ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। राममूर्ति नगर थाने में कर्तव्य में बाधा डालने, आपराधिक धमकी देने और आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।