भुवनेश्वर। ओडिशा के कालाहांडी जिले में मंगलवार को एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में दम घुटने से छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा मदनपुर-रामपुर थाना क्षेत्र के करियाखुंटा गांव में हुआ। घटना में एक अन्य व्यक्ति की हालत भी खराब हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, सभी मजदूर निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर काम कर रहे थे। इसी दौरान टैंक के भीतर जहरीली गैस फैलने या ऑक्सीजन की कमी होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण वे बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद सभी को टैंक से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक छह लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

इस हादसे पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।