अहमदाबाद। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने शहर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थों की बड़ी खेप का भंडाफोड़ किया है। अहमदाबाद के शाहीबाग इलाके में एक लग्जरी बस की तलाशी के दौरान प्रतिबंधित दवा ट्रामाडोल की दो लाख से अधिक टैबलेट बरामद की गईं, जिनकी बाजार कीमत करीब 8 करोड़ 32 लाख रुपये आंकी गई है।
सूचना के आधार पर एटीएस, अपराध शाखा और अहमदाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने एम. आर. ट्रेवल्स की उस बस को रोका, जो अंकलेश्वर से राजस्थान के पाली जा रही थी। तलाशी के दौरान बस में रखे एक कार्टन से 416 छोटे बॉक्स मिले, जिनमें कुल 2,08,000 ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट छिपाई गई थीं।
इस दौरान मुख्य आरोपी परेश पारसमल जैन मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में राजस्थान के उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उपाधीक्षक एस.एल. चौधरी की टीम ने उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से ड्रग तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह मई महीने में ही राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 62 लाख से अधिक ट्रामाडोल टैबलेट सप्लाई कर चुका है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का नाम पहले भी कई नशा तस्करी मामलों में सामने आ चुका है। वह उत्तराखंड और महाराष्ट्र में प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी में पकड़ा जा चुका है। इसके अलावा वह पिछले महीने वलसाड (वापी) में जब्त करीब 2.5 किलो मेफेड्रोन ड्रग्स मामले में भी शामिल पाया गया था, जिसमें चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी।