मेघालय के तुरा शहर में सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय पर उग्र भीड़ के हमले में कम से कम पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

https://twitter.com/ANI/status/1683513268864954369?t=-PLtk8Cov6ZnO8m4W96bIg&s=19

मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा तुरा को राज्य की शीतकाली राजधानी घोषित करने की मांग को लेकर अचिक कॉन्शियस होलिस्टिकली इंटीग्रेटेड क्रिमा (एसीएचआईके) और गारो हिल्स स्टेट मूवमेंट कमेटी (जीएचएसएणसी) के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर रहे थे, तभी भीड़ कार्यालय के बाहर जमा हो गई और उसने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज का इस्तेमाल करते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।

तुरा शहर में तत्काल प्रभाव से रात का कर्फ्यू लगा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने घायल कर्मियों के लिए अनुग्रह राशि के रूप में 50,000 रुपये के भुगतान की भी घोषणा की और कहा कि उनके इलाज का खर्च भी राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, 'आज शाम तुरा में मुख्यमंत्री सचिवालय पर भीड़ के हमले में कम से कम पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस हंगामे के बीच पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े।'

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जब प्रदर्शनकारी शीतकालीन राजधानी की मांग कर रहे थे, तब बड़ी संख्या में बाहरी लोग उनके साथ घुलमिल गए और कार्यालय पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि भीड़ के वीडियो फुटेज का विश्लेषण किया जाएगा और दोषियों की पहचान की जाएगी। शहर भर में कई स्थानों पर टायर जलाए जाने की भी खबरें हैं। अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दिन में तुरा में तीन घंटे से अधिक समय तक आंदोलनकारी संगठनों के साथ शांतिपूर्ण चर्चा की।