झारखंड के सोनुवा क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों की आशंका के चलते सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। पिछले कुछ दिनों से पोड़ाहाट जंगल क्षेत्र और लोजों पंचायत की पहाड़ियों में लगातार लांग रेंज पेट्रोलिंग (LRP) की जा रही है।
बुधवार शाम करीब छह बजे के आसपास पताहातु गांव और उसके आसपास के इलाकों में ग्रामीणों ने अचानक तेज गोली चलने जैसी आवाजें और जंगल में चमकती रोशनी देखी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब आधे घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी जैसी आवाजें सुनाई देती रहीं, जिसके बाद लोग भयभीत हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके की ओर रवाना हो गए। पूरे जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है ताकि स्थिति का आकलन किया जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से नक्सली कमांडर सालुका कायम अपने दस्ते के साथ लोजों पहाड़ी क्षेत्र में सक्रिय बताया जा रहा था। इसी इनपुट के आधार पर सुरक्षा बल लगातार इलाके में गश्त कर रहे हैं।
हालांकि इस मामले में Amit Renu ने बताया कि अभी तक किसी बड़ी मुठभेड़ या घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति पर नजर रखने के लिए लगातार काम कर रही है।