नई दिल्ली। करीब तीन दिन की देरी के बाद मानसून ने अब तेजी पकड़ ली है और गोवा तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, केरल में अगले 24 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि वायनाड और कासरगोड जिलों में एहतियातन स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में आगे बढ़ेगा मानसून
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले तीन दिनों में मानसून उत्तर-पूर्व के असम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। इसके बाद लगभग 10 दिनों के भीतर इसके बिहार, झारखंड और ओडिशा तक आगे बढ़ने की संभावना है।

देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून सक्रिय
फिलहाल गुजरात को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में बारिश का दौर बना हुआ है। इन क्षेत्रों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

केरल में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
केरल में शुक्रवार रात हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। IMD ने राज्य के आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है।

दिल्ली-NCR में कब पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में मानसून जून के आखिरी सप्ताह तक दस्तक दे सकता है। इसी दौरान इसके हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में भी आगे बढ़ने की संभावना है। साथ ही हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी इसी अवधि के आसपास बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।