नई दिल्ली। लोकसभा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से जुड़े संशोधन विधेयक पर आज शाम 4 बजे मतदान होना है। मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे इस मुद्दे पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए महिला आरक्षण के समर्थन में वोट करें।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि संसद में इस समय इस विधेयक पर विस्तृत और गंभीर चर्चा चल रही है, जो देर रात तक जारी रही। उन्होंने बताया कि चर्चा के दौरान उठाई गई सभी शंकाओं और भ्रमों का तथ्यपूर्ण तरीके से समाधान किया गया है और सदस्यों को आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।
पीएम मोदी ने कहा कि यह मुद्दा पिछले कई दशकों से राजनीतिक बहस का विषय रहा है, लेकिन अब समय आ गया है कि देश की आधी आबादी को उनका उचित अधिकार मिले। उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्रता के इतने वर्षों बाद भी निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं का प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत कम है, जो चिंता का विषय है।
प्रधानमंत्री ने सभी दलों से अपील करते हुए कहा कि लोकसभा में होने वाले मतदान में पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिया जाए और महिला आरक्षण के पक्ष में समर्थन दिया जाए।