एअर इंडिया की लंदन जा रही फ्लाइट के दुर्घटनाग्रस्त होने के एक दिन बाद शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में हादसे की जगह का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों और मंत्रियों से घटना से जुड़ी पूरी जानकारी ली और राहत कार्यों की समीक्षा की। पीएम मोदी के साथ नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी और केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री उस हॉस्टल स्थल पर भी पहुंचे जहाँ विमान गिरा था, जिससे भारी तबाही हुई थी। इस हादसे में अब तक 266 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें से 241 यात्री विमान में सवार थे जबकि बाकी लोग मेघाणीनगर इलाके में हादसे के वक्त मौजूद थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का नाम भी सामने आया है।
विस्तृत जानकारी ली गई, घायलों से मिले प्रधानमंत्री
दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी ने राहत व बचाव कार्यों की प्रगति, घटनास्थल की स्थिति और पीड़ित परिवारों को दी जा रही सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अहमदाबाद सिविल अस्पताल जाकर घायलों से भी मुलाकात की और उनका हाल जाना।

सहायता केंद्र स्थापित, अंतरराष्ट्रीय नागरिक भी थे सवार
यह विमान गुरुवार दोपहर 13:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था। एअर इंडिया ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 787-8 विमान में कुल 242 यात्री और चालक दल के सदस्य मौजूद थे। यात्रियों में 169 भारतीय नागरिकों के अलावा ब्रिटेन, पुर्तगाल और कनाडा के यात्री भी शामिल थे।
घटना के बाद एअर इंडिया ने अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और लंदन के गैटविक हवाई अड्डों पर परिजन और रिश्तेदारों की मदद के लिए सहायता केंद्र बनाए हैं ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।