राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज केरल दौरे पर रवाना हुईं। उनके हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान प्रमादम स्टेडियम के हेलीपैड का एक हिस्सा धंस गया, लेकिन बड़ी दुर्घटना टल गई। अधिकारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर के जमीन पर उतरने के तुरंत बाद ही हेलीपैड का यह हिस्सा धंस गया। मौके पर मौजूद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विमान को सुरक्षित क्षेत्र में स्थानांतरित किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस चार दिवसीय केरल यात्रा के तहत प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर पहुंचेंगी और भगवान अयप्पा की पूजा-अर्चना करेंगी। उनकी यात्रा 21 अक्टूबर से शुरू होकर 24 अक्टूबर तक चलेगी।

राष्ट्रपति के तिरुवनंतपुरम पहुंचने पर केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने उनका स्वागत किया। सुरक्षा प्रबंधों को अत्यंत सख्त रखा गया है ताकि उनके दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।