देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोली मारकर हत्या करने वाले दोनों आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव में पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपितों की लोकेशन मिली और टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। संदिग्ध नजर आते ही पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया, लेकिन आरोपी गुनियाल गांव के जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सहारनपुर निवासी शांतनु त्यागी को मौके पर ही पकड़ लिया। वहीं दूसरा आरोपी, मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद कावीश हुसैन, भागने के दौरान खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
मौके से पुलिस ने एक पिस्टल बरामद की है, जिसका इस्तेमाल फायरिंग में किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। साथ ही घायल आरोपी से अस्पताल में जाकर उसकी स्थिति की जानकारी भी ली गई। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
दरअसल, 30 मार्च की सुबह आपसी विवाद के चलते आरोपितों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि एक दिन पहले यानी 29 मार्च की रात आरोपित कुठालगेट स्थित एक रेस्टोरेंट में गए थे, जहां खाना-पीना करने के बाद उनका करीब 40 हजार रुपये का बिल बना। बिल को लेकर उनका स्टाफ से विवाद हो गया, जो बाद में झगड़े में बदल गया।
इसके बाद आरोपितों ने अगले दिन सुबह बार स्टाफ की गाड़ी का पीछा किया और जोहड़ी गांव के पास चलती कार से फायरिंग कर दी। इसी दौरान गोली वहां सैर कर रहे ब्रिगेडियर को जा लगी, जिससे उनकी जान चली गई।
इस घटना के बाद इलाके में काफी आक्रोश था और लोग आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने लगातार अभियान चलाकर आखिरकार दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और अब उनसे पूछताछ जारी है।