देश में कोविड 19 महामारी के बीच आज दशहरा मनाया जा रहा है. हालांकि इस दौरान हर साल की तरह कोई भी बड़ा आयोजन नहीं होगा. इस बीच रविवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को दशहरा की बधाई दी है. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस दौरान कोरोना वायरस संक्रमण का जिक्र करते हुए कामना की कि यह त्यौहार महामारी के प्रभाव से सबकी रक्षा कर देशवासियों में समृद्धि और खुशहाली का संचार करे. वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी देशवासियों को दशहरा की बधाई दी है.
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर कहा, 'सभी देशवासियों को दशहरा की बधाई और शुभकामनाएं. यह पर्व अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है. मेरी कामना है कि हर्ष और उल्लास का यह त्यौहार, महामारी के प्रभाव से सबकी रक्षा कर देशवासियों में समृद्धि व खुशहाली का संचार करे.'
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दशहरा की बधाई देते हुए ट्वीट किया. उन्होंने कहा, 'सभी देशवासियों को विजयादशमी की ढेर सारी शुभकामनाएं. बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का यह महापर्व हर किसी के जीवन में नई प्रेरणा लेकर आए.'
पीएम मोदी ने लोगों को महानवमी की भी शुभकामनाएं दीं. उन्होंने मां दुर्गा के देवी रूपों का एक वीडियो भी शेयर किया. उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'देशवासियों को महानवमी की हार्दिक शुभकामनाएं. नवरात्रि के इस पावन दिवस पर मां दुर्गा की नौवीं शक्ति देवी सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की जाती है. मां सिद्धिदात्री के आशीर्वाद से हर किसी को अपने कार्यों में सिद्धि प्राप्त हो.'
गृह मंत्री अमित शाह ने भी महानवमी और दशहरा की देशवासियों को बधाई दी. उन्होंने ट्वीट की कहा, 'समस्त देशवासियों को महानवमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं. विजयादशमी का महापर्व मनुष्य को अधर्म, अहंकार और असत्य का परित्याग कर धर्म, विवेक और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा व शिक्षा देने वाला पर्व है. प्रभु श्री राम हमें बुराइयों पर विजय प्राप्त करने की शक्ति दें. विजयादशमी' की हार्दिक शुभकामनाएं. जय श्री राम!'
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दशहरा की बधाई देते हुए ट्वीट किया, 'विजय अंततः सत्य की ही होती है. आप सभी को विजयदशमी की शुभकामनाएं.'