कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकसभा में मोदी सरकार की नीतियों को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में एक ऐसा नेता है जिसने सरकार के सामने झुकने से इनकार किया है और वह हैं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी

प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी संसद में खुलकर अपनी बात रखते हैं और कई बार सरकार की नीतियों पर सीधे सवाल उठाते हैं। उनके मुताबिक, सच बोलने की वजह से ही सत्तापक्ष को असहजता महसूस होती है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार अक्सर पंडित जवाहरलाल नेहरू की आलोचना करती रहती है।

संसद के बाहर भी सरकार पर साधा निशाना

संसद भवन परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए प्रियंका गांधी ने दावा किया कि राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से रोकने के लिए बीजेपी ने बड़े पैमाने पर संसाधन और सोशल मीडिया अभियान चलाए। हालांकि उनका कहना था कि जनता अब खुद देख रही है कि राहुल गांधी अपने विचार खुलकर रखते हैं, जिससे सत्ता पक्ष असहज होता है।

उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश में खेती से जुड़े लोग लगातार चुनौतियों का सामना कर रहे हैं और आने वाले समय में हालात और कठिन हो सकते हैं।

महंगाई और रोजगार जैसे मुद्दों पर उठाए सवाल

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि देश की आर्थिक नीतियों को लेकर कई अहम सवालों का जवाब नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संसद में अक्सर ऐतिहासिक और राजनीतिक विषयों पर चर्चा होती है, लेकिन महंगाई, बेरोजगारी और व्यापार समझौतों जैसे मुद्दों पर पर्याप्त बहस नहीं हो पाती।

उनका कहना था कि अंतरराष्ट्रीय हालात और व्यापार समझौतों के कारण भविष्य में आर्थिक दबाव और बढ़ सकता है।

एलपीजी संकट का भी किया जिक्र

प्रियंका गांधी ने देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की बढ़ती कीमत और कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों और छोटे व्यवसायों पर असर पड़ रहा है। प्रियंका के अनुसार, राहुल गांधी पहले भी इस संभावित ऊर्जा संकट को लेकर सरकार को आगाह कर चुके थे।