अदाणी समूह के संस्थापक और चेयरमैन गौतम अदाणी ने 1 मई को उत्तराखंड स्थित पवित्र केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना भी की। उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं।
जानकारी के अनुसार, गौतम अदाणी शुक्रवार सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे, जिसके बाद वह हेलिकॉप्टर के जरिए सीधे केदारनाथ धाम पहुंचे। दर्शन के बाद उन्होंने सोनप्रयाग से केदारनाथ के बीच प्रस्तावित रोपवे परियोजना का हवाई सर्वे भी किया। इस परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी अदाणी समूह को सौंपी गई है।
धाम में वीआईपी आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में अलर्ट मोड पर रहीं ताकि यात्रा और दर्शन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
गौरतलब है कि केदारनाथ रोपवे परियोजना को चारधाम यात्रा को सुगम बनाने और तीर्थयात्रियों की सुविधा बढ़ाने के एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है।