बिजनौर जिले के मंडावली क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शुक्रवार सुबह दूध लेने जा रही एक महिला पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल फैल गया।

दूध लेने जाते समय हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, रामपुर चाढा गांव निवासी 45 वर्षीय ब्रह्मवती पत्नी सुंदर सिंह शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित कालू के डेरे पर दूध लेने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक हाथी सामने आ गया और उसने महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

गांव में मचा हड़कंप

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को घटना की सूचना दी।

देरी से पहुंची टीम पर नाराजगी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब दो घंटे बाद वन विभाग की टीम और भागूवाला चौकी प्रभारी संजय सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।