मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में हुए एक दर्दनाक हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और संचालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार को यहां एक क्रूज नाव पलटने की घटना में अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि आठ लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव दलों ने अब तक 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, बरगी बांध क्षेत्र में पर्यटकों के लिए मनोरंजन क्रूज संचालित किए जाते हैं, जिनमें से एक क्रूज अचानक पलट गया। जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि हादसे के बाद तुरंत SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और लापता लोगों की तलाश जारी है।

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय मौसम खराब था और तेज हवाएं चल रही थीं। एक चश्मदीद सम्राट के अनुसार, लोगों ने नाव संचालक को सतर्क रहने और नाव को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की सलाह दी थी, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। इसी दौरान क्रूज बीच पानी में जाकर असंतुलित हो गया और पलट गया। कुछ लोगों ने लाइफ जैकेट की मदद से पानी में कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की।

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी तुहिन ने बताया कि हादसे से पहले क्रूज तेज हवा के कारण लगातार हिल रहा था। यात्रियों ने कई बार संचालक से नाव को किनारे लाकर सुरक्षित तरीके से रोकने की अपील की, लेकिन उस पर अमल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद उन्होंने खुद भी कई लोगों को पानी से बाहर निकालने में मदद की और कुछ लोगों की जान बचाई।

फिलहाल प्रशासन और राहत टीमें लगातार लापता लोगों की खोज में जुटी हुई हैं और हादसे की जांच भी शुरू कर दी गई है।