कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के नामांकन दाखिल करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

अमित शाह का रोड शो

भाजपा के नेताओं के अनुसार, अमित शाह और शुभेंदु अधिकारी दोपहर में हाजरा क्रॉसिंग से रोड शो की शुरुआत करेंगे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य भी उनके साथ रहेंगे। रोड शो भवानीपुर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए सर्वे बिल्डिंग पर समाप्त होगा, जहां अधिकारी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, काफिला सर्वे बिल्डिंग से लगभग 200 मीटर पहले रुकेगा और अमित शाह अधिकारी के साथ उस कार्यालय तक जाएंगे, जहां कागजात जमा कराए जाएंगे।

पीएम मोदी भी कर सकते हैं चुनाव प्रचार

भाजपा नेताओं ने बताया कि अमित शाह की भागीदारी भवानीपुर चुनाव में पार्टी के महत्व को रेखांकित करने के लिए है। इसके अलावा, संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भवानीपुर में चुनाव प्रचार में हिस्सा लें।

गौरतलब है कि अमित शाह बुधवार की देर रात को कोलकाता पहुंचे थे और पार्टी की तैयारियों का जायजा लेने में जुटे हैं।