राजस्थान, शिव: राजस्थान के शिव विधानसभा क्षेत्र में एक सोशल मीडिया टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद अब कानूनी लड़ाई का रूप ले चुका है। प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा ने बुधवार को अपने समर्थकों के साथ शिव थाने पहुँचकर विधायक रविंद्र सिंह भाटी और पांच अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब इस मामले की जांच सीआईडी-क्राइम ब्रांच करेगी।

छोटू सिंह रावणा ने क्या कहा

रावणा ने आरोप लगाया कि पिछले 2–3 वर्षों से विधायक भाटी और उनकी टीम लगातार उनके और उनके समाज के नाम पर धमकियां दे रहे हैं। कुछ दिन पहले विधायक ने फोन पर धमकी दी, जिससे पुष्टि हुई कि धमकियां उन्हीं की ओर से आ रही हैं।

उन्होंने कहा, “एक विधायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने में पुलिस अक्सर हिचकती है, इसलिए समाज के लोग मेरे साथ थाने आए। चाहे धमकी हो या गाली-गलौज, हम सभी मामलों में कार्रवाई चाहते हैं।”

आर-पार की लड़ाई का ऐलान

रावणा ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई आर-पार की होगी, और इसके लिए राजनीति में आने की जरूरत नहीं है। उनका कहना है कि यदि विधायक समाज के लोगों को गाली दे रहे हैं, तो वे चुनाव में उनका बहिष्कार सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने आगे कहा, “हम घर-घर जाकर समाज के लोगों की बैठक करेंगे। प्रशासन पर भरोसा है कि कार्रवाई होगी और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। विधायक को भी समाज के लोगों से संवाद करना चाहिए, क्योंकि कोई भी व्यक्ति समाज से बाहर नहीं होता।”