तमिलनाडु के सरकारी परीक्षा निदेशालय (टीएनडीजीई) ने आज, 8 मई को कक्षा 12वीं का परिणाम 2026 घोषित कर दिया है। स्कूल शिक्षा मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परिणाम जारी किए, जिसके बाद छात्रों के लिए स्कोरकार्ड देखने का लिंक आधिकारिक वेबसाइट पर सक्रिय कर दिया गया है।

परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राएं अपना परिणाम पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि की मदद से ऑनलाइन देख सकते हैं। रिजल्ट जारी होने के साथ ही अस्थायी (प्रोविजनल) मार्कशीट भी डाउनलोड के लिए उपलब्ध करा दी गई है।

इस वर्ष तमिलनाडु बोर्ड 12वीं परीक्षा का कुल परिणाम 95.03 प्रतिशत रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी सफल हुए हैं। राज्य में इरोड जिला सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 98.87 प्रतिशत उत्तीर्ण दर के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद शिवगंगा जिला 98.05 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि चेन्नई 95.43 प्रतिशत परिणाम के साथ 20वें स्थान पर रहा।

इस साल कुल 7,91,654 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 7,53,694 छात्र सफल घोषित किए गए हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार, राज्य के 7,536 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में से 2,639 निजी स्कूलों और 489 सरकारी स्कूलों ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है।

स्ट्रीमवार प्रदर्शन की बात करें तो विज्ञान संकाय का परिणाम 96.90 प्रतिशत और वाणिज्य संकाय का परिणाम 92.67 प्रतिशत रहा है।

लिंग आधारित परिणामों में एक बार फिर लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 97 रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 93.19 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

कुल मिलाकर इस वर्ष तमिलनाडु बोर्ड परीक्षा का परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर माना जा रहा है, जिसमें जिलावार और संकायवार प्रदर्शन में भी स्पष्ट अंतर देखने को मिला है।