कन्नूर। केरल के कन्नूर से जेद्दा के लिए रवाना हुई एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान में मंगलवार सुबह उस समय यात्रियों को चिंता भरे पल झेलने पड़े, जब उड़ान भरने के कुछ समय बाद विमान में तकनीकी खराबी की आशंका सामने आई। स्थिति को देखते हुए विमान को वापस कन्नूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।
उड़ान भरने के 30 मिनट बाद सामने आई दिक्कत
जानकारी के अनुसार विमान ने सुबह करीब 7:03 बजे कन्नूर से उड़ान भरी थी। उड़ान के लगभग आधे घंटे बाद पायलटों को तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चालक दल ने बीच रास्ते से ही उड़ान रद्द कर विमान को वापस लौटाने का निर्णय लिया।
सुरक्षित लैंडिंग से पहले हवा में बनाए गए चक्कर
जेद्दा जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्य के लिए विमान में अधिक ईंधन मौजूद था, जिसके चलते सुरक्षित लैंडिंग से पहले ईंधन कम करना जरूरी था। इसी प्रक्रिया के तहत विमान को कुछ समय तक एयरपोर्ट के आसपास हवा में घुमाया गया, इस दौरान उसने लगभग 18 चक्कर लगाए।
इसके बाद विमान ने कन्नूर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की, जिससे यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली। विमान में कुल 180 यात्री सवार थे।
APU सिस्टम से जुड़ी आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान के ऑक्सिलरी पावर यूनिट (APU) में पहले भी कुछ तकनीकी समस्या सामने आई थी, जिसे बाद में ठीक कर दिया गया था। हालांकि, अब अधिकारियों द्वारा यह जांच की जा रही है कि क्या पुरानी तकनीकी समस्या और उड़ान के दौरान आई दिक्कत के बीच कोई संबंध है।