आगरा जनपद के भदरौली स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा में गुरुवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल ऋण मामलों में रिश्वतखोरी की शिकायत मिलने के बाद की गई।

सीबीआई टीम ने शाखा प्रबंधक प्रवीण यादव से लगभग 12 घंटे तक गहन पूछताछ की। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उन्हें गिरफ्तार कर गाजियाबाद ले जाया गया, जहां उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला

सीबीआई के अनुसार, 25 जून को एक निजी कंपनी के कर्मचारी ब्रजमोहन त्यागी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि बैंक मैनेजर ने सोलर पैनल योजना के तहत स्वीकृत होने वाली 19 ऋण फाइलों के लिए प्रति फाइल 7,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।

बाद में बातचीत के दौरान कुल 52,000 रुपये में सौदा तय हुआ। जांच एजेंसी ने शिकायत का सत्यापन कर ट्रैप बिछाया और कार्रवाई के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

बैंक परिसर में मचा हड़कंप

सीबीआई की छापेमारी के दौरान बैंक में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारी और ग्राहक कार्रवाई से हैरान रह गए। देर रात तक पूछताछ जारी रही, जिसके बाद सुबह आरोपी को गाजियाबाद ले जाया गया।

बैंक की प्रतिक्रिया

पीएनबी सर्किल हेड संजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब नेशनल बैंक एक प्रतिष्ठित संस्थान है और भ्रष्टाचार के प्रति किसी भी तरह की शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाता है। जांच में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।