पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य करने का निर्देश जारी किया है। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में सभी स्कूल प्रमुखों को आधिकारिक नोटिस भेजा गया है।

निर्देश में कहा गया है कि कक्षाओं की शुरुआत से पहले हर स्कूल में ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य के सभी छात्रों तक इसे एक समान रूप से लागू किया जा सके।

इस आदेश के बाद कई स्कूलों में स्थिति को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। पहले से ही राज्य के कई स्कूलों में सुबह की सभा के दौरान ‘बांग्लार माटी, बांग्लार जल’ जैसे राज्य गीत को शामिल किया जाता रहा है, जिसे पिछली सरकार ने अनिवार्य किया था।

स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोगों का कहना है कि नए निर्देश के बाद अब प्रार्थना सभा का समय बढ़ सकता है, क्योंकि राष्ट्रगान के साथ-साथ राज्य गीत और अब ‘वंदे मातरम’ को भी शामिल करना होगा। इससे कक्षाएं शुरू होने में देरी की आशंका है।

एक स्कूल प्रधानाचार्य ने बताया कि राष्ट्रगान को हटाया नहीं जा सकता, और अब नए आदेश के बाद सुबह की सभा का समय और लंबा हो जाएगा, जिससे पढ़ाई के समय पर असर पड़ सकता है।