लखनऊ। प्रदेश में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों से सख्त और नियमित रिपोर्टिंग के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि हर जिला प्रशासन अपने क्षेत्र में हुए नुकसान की स्थिति की अपडेट हर तीन घंटे में राज्य सरकार को भेजे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खराब मौसम के चलते कई जिलों में जनहानि, पशुहानि और मकानों को नुकसान पहुंचा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और प्रभावित लोगों को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई, उन्नाव सहित कुल 19 जिलों से नुकसान की प्रारंभिक जानकारी मिली है। इन इलाकों में कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

मुख्यमंत्री ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तुरंत मौके पर पहुंचकर सर्वे पूरा करें और राहत कार्यों में तेजी लाएं।

इसके अलावा उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत कार्य, मुआवजा वितरण और बचाव अभियान की प्रगति को नियमित रूप से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर भी अपडेट किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।