पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से 293 सीटों के नतीजों की घोषणा आज की जा रही है। राज्यभर के 77 मतगणना केंद्रों पर सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। दोपहर तक यह तस्वीर लगभग साफ हो जाएगी कि राज्य में अगली सरकार किसकी बनेगी।

शुरुआती रुझानों में BJP की बढ़त

सुबह 10:45 बजे तक सामने आए रुझानों में भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है। BJP 161 सीटों पर, TMC 121 सीटों पर, वाम दल 3 और कांग्रेस 5 सीटों पर आगे चल रही है।

हाई-प्रोफाइल सीटों पर मुकाबला

भवानीपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर 1558 वोटों की बढ़त बना ली है। वहीं नंदीग्राम में भी सुवेंदु अधिकारी 3150 वोटों से आगे चल रहे हैं। कई अन्य सीटों पर भी राज्य सरकार के मंत्री पीछे होते नजर आ रहे हैं। आसनसोल उत्तर में कानून मंत्री लगभग 6500 वोटों से पिछड़ गए हैं।

भवानीपुर में कड़ी टक्कर

भवानीपुर में दूसरे चरण की गिनती पूरी होने के बाद सुवेंदु अधिकारी 1558 वोटों से आगे हैं, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी फिलहाल पीछे चल रही हैं।

अन्य प्रमुख उम्मीदवारों की स्थिति

पूर्व हॉकी कप्तान भारत कुमार छेत्री को 1118 वोटों की बढ़त मिली हुई है। वहीं आरजी कर मामले की पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ पानीहाटी सीट से 3000 से अधिक वोटों से आगे चल रही हैं।

सुवेंदु अधिकारी का बयान

रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भवानीपुर में अभी कई राउंड की गिनती बाकी है और परिणाम आगे बदल सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि नंदीग्राम में उन्हें उम्मीद से बेहतर समर्थन मिला है। उनके अनुसार इस बार राजनीतिक समीकरणों में बदलाव देखा गया है और मतदाताओं का रुझान अलग दिशा में गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।

पश्चिम बर्द्धमान में भाजपा का दबदबा

पश्चिम बर्द्धमान जिले की सभी नौ सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। आसनसोल उत्तर में भाजपा उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी करीब 4100 वोटों से आगे हैं।

दुर्गापुर पूर्व में भाजपा के चंद्रशेखर बनर्जी 2100 से अधिक वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। पांडवेश्वर में जितेंद्र तिवारी लगभग 2000 वोटों से आगे हैं।

इसके अलावा दुर्गापुर पश्चिम, जामुडिया और रानीगंज जैसी सीटों पर भी भाजपा उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। आसनसोल दक्षिण में अग्निमित्रा पाल करीब 15,000 वोटों से आगे चल रही हैं। कुल्टी सीट पर भी भाजपा मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है।