अंबेडकरनगर जिले के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर के पास देर रात करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर के बाद स्थिति और भी भयावह हो गई, जब एक तेज रफ्तार कार ने भी घटनास्थल पर मौजूद लोगों को टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।

इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल और मृतकों में लालचंद्र (पट्टी मुइथन, जलालपुर), उत्तम (सेमरा, कटका), कैफी (लोरपुर ताजन), राजू (सिकंदरपुर, सम्मनपुर) समेत कई लोग शामिल हैं।

इसके अलावा, सम्मनपुर क्षेत्र के जैनापुर निवासी दो सगे भाई आदित्य (25) और दिव्यांशु (14) की भी इस हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों भाई एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर जलालपुर से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण कई लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसे में कुल आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें उत्तम, आदित्य, दिव्यांशु, राजू गुप्ता (32), लालचंद (24), कैफे (32) सहित अन्य शामिल हैं। वहीं, दो शवों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात शवों की पहचान की कोशिश की जा रही है।