वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी का असर सोमवार को घरेलू शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। सप्ताह के पहले कारोबारी सत्र की शुरुआत मजबूती के साथ हुई और प्रमुख सूचकांक हरे निशान में खुले।

कारोबार के शुरुआती मिनटों में सेंसेक्स में करीब 600 अंकों से अधिक की तेजी दर्ज की गई, जबकि निफ्टी 24,150 के स्तर को पार कर गया। निवेशकों की नजरें इस समय पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों पर भी टिकी हुई हैं, जिससे बाजार में अतिरिक्त हलचल बनी हुई है।

सुबह 9:28 बजे तक सेंसेक्स 736.44 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,649.94 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 198.36 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,195.90 पर कारोबार करता नजर आया।

इधर, विदेशी मुद्रा बाजार में रुपये में मामूली कमजोरी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 9 पैसे गिरकर 94.93 के स्तर पर पहुंच गया।