तमिलनाडु विधानसभा चुनावों की मतगणना के शुरुआती रुझानों में अभिनेता से नेता बने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक पार्टी करीब 100 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है।

इस बीच चेन्नई स्थित विजय के आवास के बाहर भी अचानक हलचल बढ़ गई है।

घर के बाहर फूल और समर्थकों की भीड़

विजय के घर के बाहर लगातार वाहनों की आवाजाही देखी जा रही है। कई समर्थक फूलों के गुलदस्ते लेकर उनके निवास पर पहुंच रहे हैं और जश्न जैसी स्थिति बनती दिखाई दे रही है।

हालांकि अब तक विजय थलापति की ओर से मतगणना को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पिता एस.ए. चंद्रशेखर पहुंचे मंदिर

इधर, विजय के पिता और फिल्म निर्देशक एस.ए. चंद्रशेखर सुबह मुरुगन मंदिर पहुंचे और बेटे की सफलता के लिए प्रार्थना की।

चंद्रशेखर लंबे समय से विजय के राजनीतिक और फिल्मी करियर के समर्थक रहे हैं और उनकी राजनीतिक यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

टीवीके की बढ़त से डीएमके को चुनौती

ताजा रुझानों में टीवीके लगभग 104 से 109 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सत्ताधारी डीएमके करीब 55 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

इन आंकड़ों ने राज्य की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है, क्योंकि पहली बार किसी नई पार्टी ने इतने बड़े स्तर पर मुकाबले में बढ़त बनाई है।

फिल्म ‘जन नायकन’ भी चर्चा में

विजय की आगामी फिल्म ‘जन नायकन’ पहले जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड से जुड़े विवादों के कारण इसकी रिलीज अटक गई।

हाल ही में फिल्म के ऑनलाइन लीक होने की खबरों ने भी चर्चा बढ़ा दी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स अब इसे तमिलनाडु चुनाव परिणामों के बाद 8 मई को रिलीज करने पर विचार कर रहे हैं।

घर पर जश्न जैसे हालात

विजय के घर और आसपास के इलाके से सामने आए वीडियो में समर्थकों की भीड़ और उत्साह साफ देखा जा सकता है। हालांकि आधिकारिक नतीजों का इंतजार अभी भी जारी है।