कोलकत्ता: जलपाईगुड़ी जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मयनागुड़ी के उल्लाडाबरी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर उत्तर बंग राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक यात्री घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बस सिलीगुड़ी से कूचबिहार की ओर जा रही थी। इसी दौरान उल्लाडाबरी क्षेत्र में हाईवे पर खड़े एक ट्रेलर के पीछे बस जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का पिछला हिस्सा बस के भीतर तक घुस गया, जिससे कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं और कुछ लोग वाहन के अंदर ही फंस गए।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल भी मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, 29 घायलों का इलाज जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है, जबकि 16 अन्य को मयनागुड़ी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अस्पताल पहुंचने के बाद दो लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मयनागुड़ी थाना प्रभारी सुबल चंद्र घोष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस के खड़े ट्रेलर से टकराने की बात सामने आई है। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीनिवास एम.पी. ने दो लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।