ओडिशा: पुरी में भगवान जगन्नाथ की प्रसिद्ध रथयात्रा के दौरान गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। मरिचिकोट चौक के पास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान दम घुटने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। भीड़ के दबाव, गर्मी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावित 150 से अधिक श्रद्धालुओं को इलाज के लिए पुरी जिला मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे मरिचिकोट चौक क्षेत्र में रथयात्रा देखने और रथ खींचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जमा थे। अचानक भीड़ का दबाव बढ़ने से कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इसी दौरान दो श्रद्धालु बेहोश होकर गिर गए।
मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासनिक टीम ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। प्रशासन ने शवों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें भीड़ नियंत्रण में जुटी हैं। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और भीड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतें।
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जिसमें हर साल लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। हादसे के बाद पुरी में शोक का माहौल है।
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.