गुजरात: स्कूल विवाद के बाद परिवार ने दो छात्राओं को सरेराह पीटा, वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- भरूच में ट्यूशन जा रही 12वीं की दो सगी बहनों को रास्ते में रोककर क्रिकेट बैट से पीटने का मामला सामने आया है।
- मारपीट का आरोप उनकी स्कूल की 9वीं कक्षा की छात्रा, उसके माता-पिता और दादी पर लगा है, विवाद छेड़छाड़ के आरोप को लेकर हुआ।
- पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच के बाद चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
अहमदाबाद। भरूच जिले में ट्यूशन जा रही 12वीं कक्षा की दो सगी बहनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते में रोककर दोनों बहनों को क्रिकेट बैट से बेरहमी से पीटा गया। इस घटना में आरोप उनकी ही स्कूल की 9वीं कक्षा की छात्रा और उसके परिवार के सदस्यों पर लगा है।
बताया जा रहा है कि स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप को लेकर यह विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, 18 और 17 साल की दोनों बहनें शुक्रवार को मोपेड से ट्यूशन पढ़ने जा रही थीं। इसी दौरान एक कार ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
कार में उनकी स्कूल की 9वीं कक्षा की साथी छात्रा अपने माता-पिता और दादी के साथ मौजूद थी। आरोप है कि छात्रा ने दोनों बहनों पर परेशान करने का आरोप लगाया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि परिवार के लोगों ने दोनों बहनों के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद छात्रा के पिता ने अपनी बेटी से कार में रखा क्रिकेट बैट मंगवाया और उससे दोनों बहनों की पिटाई करने को कहा। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी मारपीट में शामिल हो गए। घटना के बाद आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज में मारपीट दिखने का दावा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना से जुड़े CCTV फुटेज मिले हैं, जिसमें परिवार के सदस्य नाबालिगों के बीच हुए विवाद को लेकर दोनों लड़कियों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपना घर छोड़कर चले गए हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
मारपीट के बाद घायल बहनों ने अपनी मां को फोन कर जानकारी दी। मां दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां उनका इलाज जारी है।
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पीड़ित छात्राओं के पिता ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 9वीं कक्षा की छात्रा उनकी बेटियों की करीबी दोस्त थी और अक्सर उनके घर खेलने आती थी।
उन्होंने कहा कि दोनों बेटियों को अंदरूनी चोटें आई हैं और दर्द कम करने वाली दवाएं दी जा रही हैं।
पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच के बाद नाबालिग छात्रा समेत चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें छात्रा, उसके माता-पिता और दादी शामिल हैं। आरोपियों पर जानबूझकर चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी देने की धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.