जगन्नाथ रथयात्रा से पहले गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, सिद्धपुर से 5 संदिग्ध हिरासत में

HIGHLIGHTS
- गुजरात ATS ने रथयात्रा से पहले सिद्धपुर से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया।
- संदिग्धों के आतंकी संगठन से संभावित संबंधों की जांच की जा रही है।
- रथयात्रा को देखते हुए गुजरात में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
अहमदाबाद। गुजरात में भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा से पहले सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। इसी बीच गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिद्धपुर से पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ कर उनके संभावित कनेक्शन और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 16 जुलाई को अहमदाबाद समेत भावनगर, वडोदरा, पाटन और राजकोट सहित कई शहरों में रथयात्रा का आयोजन होना है। इसको देखते हुए राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
खुफिया इनपुट के बाद ATS का ऑपरेशन
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को कुछ संदिग्ध गतिविधियों को लेकर इनपुट मिले थे। इसके बाद ATS ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर सिद्धपुर तालुका क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया और पांच लोगों को हिरासत में लिया।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हिरासत में लिए गए लोगों का किसी प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद या किसी अन्य संगठन से कोई संबंध है या नहीं। इसके अलावा बनासकांठा से भी दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
रथयात्रा को लेकर सुरक्षा कड़ी
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को देखते हुए गुजरात पुलिस और ATS लगातार निगरानी कर रही हैं। पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
इससे पहले भी करीब 11 दिन पहले सुरक्षा एजेंसियों ने आठ संदिग्धों को हिरासत में लिया था। उस कार्रवाई में सिद्धपुर से तीन, चिखली से एक और पालनपुर से तीन लोगों को पकड़ा गया था।
अधिकारियों का कहना है कि सभी संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जांच का उद्देश्य उनके संपर्कों, गतिविधियों और किसी संभावित साजिश से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाना है, ताकि रथयात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.