PM मोदी के न्यूजीलैंड दौरे से पहले बड़ा फैसला, 57% निर्यात पर नहीं लगेगा टैरिफ

HIGHLIGHTS
- पीएम मोदी के न्यूजीलैंड दौरे से पहले प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने 57% निर्यात को पहले दिन से टैरिफ मुक्त करने का ऐलान किया।
- भारत-न्यूजीलैंड व्यापार समझौते को दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करने वाला कदम बताया गया।
- पीएम मोदी 10-11 जुलाई को न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान व्यापार, रक्षा और द्विपक्षीय सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
ऑकलैंड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे से पहले दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारतीय बाजार में अपने उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के लिए 57 प्रतिशत निर्यात को पहले ही दिन से टैरिफ मुक्त करने की घोषणा की है।
क्रिस्टोफर लक्सन ने गुरुवार को भारत-न्यूजीलैंड व्यापार समझौते को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे न्यूजीलैंड के कारोबारियों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि समझौते के तहत भारत को किए जाने वाले कुल निर्यात का 57 प्रतिशत हिस्सा शुरुआत से ही बिना किसी शुल्क के उपलब्ध होगा।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को देश की यात्रा के लिए आमंत्रित किया है। प्रधानमंत्री मोदी 10 और 11 जुलाई को न्यूजीलैंड की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर पहुंचेंगे। उनके दौरे से पहले हुई इस घोषणा को दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने वाले कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और क्रिस्टोफर लक्सन के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। बातचीत में व्यापार, निवेश, रक्षा, वाणिज्य और अन्य अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है।
पीएम मोदी न्यूजीलैंड प्रवास के दौरान वहां के प्रमुख कारोबारी और खेल जगत से जुड़े लोगों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह न्यूजीलैंड में बसे भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री फिलहाल तीन देशों के दौरे के तहत ऑस्ट्रेलिया में हैं, जिसके बाद उनका अगला पड़ाव न्यूजीलैंड होगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.