इटावा में एक्सप्रेसवे पर भीषण टक्कर, गैस टैंकर से भिड़ी दिल्ली जा रही बस, 5 घायल

HIGHLIGHTS
- इटावा के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देर रात बस और गैस टैंकर की जोरदार टक्कर में पांच यात्री घायल हो गए।
- गोंडा से दिल्ली जा रही बस चालक को नींद आने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई।
- हादसे के समय बस में चालक-परिचालक समेत 38 लोग सवार थे, घायलों को रेस्क्यू टीम ने अस्पताल पहुंचाया।
इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। नगला सवी पूर्वी गांव के पास गोंडा से दिल्ली जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर गैस से भरे टैंकर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार पांच यात्री घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस चालक को अचानक नींद आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रह गया। तेज रफ्तार बस डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां सामने से आ रहे गैस टैंकर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के समय बस में चालक और परिचालक सहित कुल 38 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि अधिकांश यात्री उस समय सो रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बस को चालक शुभेल सिंह, निवासी केलाबाड़ा, मुजफ्फरनगर और परिचालक सुनील ओझा, निवासी गोलवी, भिंड (मध्य प्रदेश), दिल्ली की ओर लेकर जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.