बंगाल पुलिस में बड़ा फेरबदल, 28 IPS और 5 WBPS अधिकारियों के तबादले

HIGHLIGHTS
- बंगाल सरकार ने 28 IPS और 5 WBPS अधिकारियों का तबादला किया।
- CID, STF, विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट समेत कई अहम पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति हुई।
- सुप्रतिम सरकार को ADG टेलीकम्युनिकेशन और एन. रमेश बाबू को CID प्रमुख बनाया गया।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार को राज्य पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों और पांच पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा (WBPS) अधिकारियों के तबादले कर दिए। गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
CID और दूरसंचार विभाग में बदलाव
तबादला सूची के अनुसार, कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार को CID के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) पद से हटाकर राज्य पुलिस में ADG (दूरसंचार) की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास पहले ADG (इंटेलिजेंस ब्यूरो) का अतिरिक्त प्रभार भी था।
वहीं, जेल सुधार सेवाओं के महानिदेशक एन. रमेश बाबू को CID का नया महानिदेशक एवं महानिरीक्षक (DG और IG) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें जेल सुधार सेवाओं के महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
आर्थिक अपराध शाखा को मिला नया निदेशक
उत्तर बंगाल क्षेत्र के ADG और IG पद पर तैनात के. जयरामन को आर्थिक अपराध अन्वेषण निदेशालय (EOW) का निदेशक बनाया गया है। उन्हें तेजतर्रार अधिकारियों में गिना जाता है और अब उन्हें आर्थिक अपराधों की जांच से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट में भी बदलाव
अमित कुमार राठौड़ को विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह त्रिपुरारी अथर्व की जगह लेंगे।
त्रिपुरारी अथर्व को विधाननगर CP पद से हटाकर राज्य पुलिस में ADG (ट्रैफिक एवं रोड सेफ्टी) बनाया गया है।
इसके अलावा, वरिष्ठ आईपीएस प्रवीण कुमार त्रिपाठी को STF के IG पद से हटाकर IG (होम गार्ड) की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह सुधीर कुमार नीलकंठम को STF का नया IG नियुक्त किया गया है।
चुनाव के बाद बड़ा प्रशासनिक बदलाव
गौरतलब है कि अप्रैल में बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने सुप्रतिम सरकार को कोलकाता पुलिस आयुक्त पद से हटाकर उनका तबादला किया था।
राज्य सरकार की ओर से किए गए इस व्यापक फेरबदल को बंगाल पुलिस प्रशासन में बड़े स्तर पर बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.