ओडिशा: अनुगुल में दर्दनाक हादसा, तालाब में गिरी कार, पांच युवकों की डूबने से मौत

HIGHLIGHTS
- अनुगुल में शादी समारोह से लौट रही कार तालाब में गिरी, हादसे में पांच युवकों की मौत हुई।
- कार में सवार दो युवकों ने दरवाजा तोड़कर तैरते हुए अपनी जान बचाई और ग्रामीणों को सूचना दी।
- पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, हादसे के कारणों की जांच जारी है।
अनुगुल। ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। शादी समारोह से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे तालाब में जा गिरी।
कार में सवार सात दोस्तों में से दो युवक किसी तरह कार का दरवाजा तोड़कर बाहर निकलने में सफल रहे और तैरकर अपनी जान बचा ली। वहीं, पांच अन्य युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई।
कार सीधे तालाब में जा गिरी
देर रात हुए इस हादसे की जानकारी काफी समय तक किसी को नहीं मिल सकी। जानकारी के अनुसार, मोटांगा थाना क्षेत्र के बंगुरासिंह गांव के सात दोस्त इंदिपुर गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
समारोह खत्म होने के बाद सभी कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। छतिया गांव के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी।
दो युवकों ने तोड़ा कार का दरवाजा, बचाई जान
कार के पानी में गिरते ही उसमें सवार युवकों के बीच चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान बबलू और शिबू नाम के दो युवकों ने हिम्मत दिखाई और कार का दरवाजा तोड़कर बाहर निकल आए। दोनों तैरकर किनारे पहुंचे और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद कार में फंसे पांच युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे के कारणों की जांच जारी
मृतकों की पहचान चालक चंद्रकांत स्वाईं, अबिनाश साहू, राकेश साहू, श्रीराम साहू और अभिजीत साहू के रूप में हुई है। सभी मृतकों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
एक साथ पांच युवकों की मौत की खबर से बंगुरासिंह गांव में मातम छा गया। जिला अस्पताल परिसर में भी परिजनों और स्वजन की चीख-पुकार से माहौल गमगीन रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.