पेपर लीक संशोधन बिल लोकसभा में पेश, विपक्ष का हंगामा

HIGHLIGHTS
- लोकसभा में पेपर लीक रोकने वाला संशोधन बिल पेश किया गया।
- विपक्ष ने NEET मामले को लेकर सदन में जमकर हंगामा किया।
- नए बिल में सख्त सजा, जुर्माना और फास्ट ट्रैक कोर्ट का प्रावधान है।
विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के बीच केंद्र सरकार ने सोमवार को लोकसभा में पेपर लीक से जुड़े लोक परीक्षा संशोधन विधेयक को पेश किया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सदन में यह बिल रखा। इस दौरान विपक्षी सांसद लगातार विरोध करते रहे और नारेबाजी की।
विपक्षी सांसदों ने ‘मोदी-शाह छात्रों से माफी मांगो’ के नारे लगाए। हंगामे के चलते लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी। वहीं राज्यसभा की कार्यवाही भी 2 बजे तक के लिए रोक दी गई।
इससे पहले सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद भी विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा को दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा था। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने संसद के बाहर मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसद NEET पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांग रहे हैं।
वहीं, पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफे के बाद सोमवार को पहली बार संसद पहुंचे। NDA सांसदों ने उन्हें शॉल और मिथिला पाग पहनाकर सम्मानित किया और संसद भवन के अंदर तक साथ लेकर गए। इस दौरान सांसदों ने ‘धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए। धर्मेंद्र प्रधान ने NEET पेपर लीक विवाद के बीच 25 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दिया था।
2024 के कानून में संशोधन, बढ़ेगी सजा और जुर्माने की राशि
केंद्र सरकार 2024 में बनाए गए लोक परीक्षा कानून में बदलाव के लिए संशोधन विधेयक लेकर आई है। प्रस्तावित संशोधन के जरिए कानून को और सख्त बनाने की तैयारी है। इसमें पेपर लीक मामलों में दोषियों के लिए कड़ी सजा और अधिक जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का अधिकार दिया जाएगा। इन अदालतों में मामलों की रोजाना सुनवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जुलाई को इस कानून में संशोधन का ऐलान करते हुए कहा था कि पेपर लीक लाखों छात्रों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है, इसलिए इसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.