सिक्किम सुरंग हादसा: मृतकों की संख्या 9 पहुंची, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

HIGHLIGHTS
- सिक्किम के नामची जिले की निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हुई।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर बचाव अभियान की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
- सुरंग में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियों का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
गंगटोक। सिक्किम के नामची जिले के सामरदुंग (झोलुंगे) क्षेत्र में एनएचपीसी की निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। जिला प्रशासन ने मंगलवार सुबह 10:20 बजे तक की स्थिति में इसकी पुष्टि की।
हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बातचीत कर घटना की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने राहत और बचाव अभियान की समीक्षा की और राज्य सरकार को केंद्र की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
केंद्र की ओर से हर मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्यों में केंद्र सरकार राज्य सरकार को हर जरूरी सहयोग देगी।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता और तुरंत हस्तक्षेप के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में प्रधानमंत्री का समर्थन और एकजुटता राज्य के लिए बड़ी ताकत है।
सुरंग में फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए लगातार खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
सीएम तमांग ने जताया दुख
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा राज्य प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए), सिक्किम पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, पाक्योंग और सिलीगुड़ी की एनडीआरएफ टीमों सहित कई एजेंसियां सुरंग में फंसे श्रमिकों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटी हैं।
उन्होंने बचाव कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मियों के साहस, समर्पण और लगातार किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को राहत अभियान में तेजी लाने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने, बिना पुष्टि वाली और भ्रामक सूचनाएं नहीं फैलाने तथा प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बचाव अभियान को सफल बनाने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लगातार जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
नामची जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिक्किम पुलिस, फायर और इमरजेंसी सर्विस, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की टीमें मिलकर लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। एसएसडीएमए स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
27 मजदूरों के सुरंग में फंसे होने की आशंका
नामची जिले की कलेक्टर अनूपा टमलिंग ने बताया कि करीब 27 मजदूरों के सुरंग के अंदर फंसे होने की संभावना है। हालांकि, सुरंग के भीतर की वास्तविक स्थिति की पूरी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है, इसलिए श्रमिकों की सही संख्या की पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की एक टीम सुरंग के अंदर पहुंच चुकी है और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। एनडीआरएफ टीम के वापस आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सुरंग में कितने श्रमिक मौजूद हैं और उनकी स्थिति कैसी है।
गौरतलब है कि सोमवार दोपहर सामरदुंग में निर्माणाधीन सुरंग के अंदर कथित तौर पर गैस रिसाव की घटना सामने आई थी। इसके बाद सुरंग में काम कर रहे श्रमिक फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए विभिन्न एजेंसियों को मौके पर तैनात किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.